सामाजिक अंकेक्षण पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने वाला ब्रह्मास्त्रः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
- 13 जिलों में 300 ग्राम संसाधन व्यक्ति प्रशिक्षित, ग्रामीण खुद करेंगे विकास कार्यों का मूल्यांकन।
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा है कि सामाजिक अंकेक्षण शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीणों को विकास योजनाओं की निगरानी में सक्रिय भागीदारी का अवसर देता है। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और उनके क्रियान्वयन में खामियां दूर हों, इसके लिए सामाजिक अंकेक्षण को प्रभावी बनाना जरूरी है। वे राज्य के 13 जिलों में पांच दिन चले सामाजिक अंकेक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
डॉ. चौहान ने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण केवल कागजी औपचारिकता बनकर न रह जाए, इसके लिए प्रशिक्षित ग्राम संसाधन व्यक्तियों को पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता से काम करना होगा। उन्होंने इसे पारदर्शिता और जन भागीदारी सुनिश्चित करने वाला ब्रह्मास्त्र बताते हुए कहा कि इसकी सफलता ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है।
उन्होंने बताया कि करनाल, कुरुक्षेत्र, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, अंबाला, भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, सोनीपत, सिरसा और यमुनानगर में जिला परिषद परिसरों में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पांच दिनों में करीब 300 ग्राम संसाधन व्यक्तियों को प्रशिक्षित किया गया। ये अब अपने-अपने गांवों में जारी सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे और ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं से जुड़ी जानकारी जुटाएंगे।
डॉ. चौहान ने कहा कि जनसुनवाई सामाजिक अंकेक्षण की आत्मा है, क्योंकि इससे ग्रामीणों को सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखने और विकास कार्यों से जुड़े तथ्यों को सामने लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतिभागियों से निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए सामाजिक अंकेक्षण को योजनाओं की गुणवत्ता सुधारने का प्रभावी माध्यम बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया, अभिलेखों की जांच, ग्रामीणों से संवाद और जनसुनवाई समेत विभिन्न व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान संस्थान के अधिकारी, प्रशिक्षण समन्वयक, संसाधन व्यक्ति, सामाजिक अंकेक्षण टीम के खंड संसाधन व्यक्ति तथा विभिन्न जिलों से ऑनलाइन जुड़े प्रतिभागी मौजूद रहे।

Girish Saini 

