मीडिया क्षेत्र में सफलता के लिए अध्ययनशीलता के साथ कौशल विकास जरूरी
पत्रकारिता विभाग में ओरिएंटेशन सत्र आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। मीडिया क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए अध्ययनशीलता के साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। इसी उद्देश्य से एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में एमए अंतिम वर्ष, तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ मीडिया क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और कौशल विकास पर चर्चा की गई।
विभाग के प्राध्यापकों डा. बैनुल तोमर, डा. नवीन कुमार, सुनित मुखर्जी तथा पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. हरीश कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद के दौरान तीसरे सेमेस्टर के पाठ्यक्रम के साथ मीडिया क्षेत्र में करियर रोडमैप तैयार करने संबंधी मार्गदर्शन दिया।
प्रो. हरीश कुमार ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने तथा भाषायी कौशल विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने मीडिया उद्यमिता के बढ़ते अवसरों की जानकारी भी दी। डा. बैनुल तोमर ने मीडिया प्रबंधन, विज्ञापन, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और शॉर्ट फिल्म मेकिंग में करियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
सुनित मुखर्जी ने मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय मुद्दों पर जन जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। डा. नवीन कुमार ने मीडिया प्रोडक्शन में तकनीकी कौशल के महत्व को रेखांकित किया। शोधार्थी पंकज ने अपने शिक्षण अनुभव साझा किए। विद्यार्थी आकाश और रीतू ने भी विचार रखे। विद्यार्थियों ने शैक्षणिक सक्रियता, सामाजिक चेतना और कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने की प्रतिबद्धता जताई।
Girish Saini 

