बीएमयू मूट कोर्ट में शिवानी-छवि की टीम ने बाजी मारी

विद्यार्थियों ने दिखाए कानूनी तर्क और शोध कौशल।

बीएमयू मूट कोर्ट में शिवानी-छवि की टीम ने बाजी मारी

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के विधि संकाय में आईक्यूएसी के सहयोग से कुलपति प्रो. बी.एम. यादव एवं कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इंट्रा मूट कोर्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कानूनी तर्क, शोध, मेमोरियल लेखन और वकालत कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कड़े मुकाबले के बाद शिवानी एवं छवि की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अक्षय कुमार एवं सौरव लाठवाल की टीम उपविजेता रही। व्यक्तिगत श्रेणी में शिवानी को सर्वश्रेष्ठ शोधकर्ता, मेघा वर्मा को सर्वश्रेष्ठ मूटर तथा शुभम कुमार, चेस्टा और सलोनी को सर्वश्रेष्ठ मेमोरियल का पुरस्कार दिया गया।

निर्णायक मंडल में शामिल अधिवक्ता हर्ष देव शास्त्री एवं वज़ीर मलिक ने प्रतिभागियों के कानूनी तर्क, विषय की समझ, शोध, प्रस्तुतीकरण और वकालत कौशल का मूल्यांकन किया।

डीन डॉ. मनीष दलाल और विभागाध्यक्ष डॉ. रितु ने विजेताओं व सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मूट कोर्ट जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को न्यायालयीन कार्यप्रणाली और व्यावहारिक कानूनी शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।