जीजेयू की सात छात्राएं आईआईटी रुड़की, आईआईएसईआर भोपाल और आईआईटी (बीएचयू) में ग्रीष्मकालीन अनुसंधान इंटर्नशिप के लिए चयनित
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की पहल इंटर्न-उत्सव-2026 के माध्यम से सात छात्राओं ने प्रतिष्ठित संस्थानों आईआईटी रुड़की, आईआईएसईआर भोपाल और आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी में ग्रीष्मकालीन अनुसंधान इंटर्नशिप के अवसर प्राप्त किए हैं।
इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि ये चयन विवि के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान योग्यता और समर्पण को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी इंटर्नशिप विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, अनुसंधान कौशल और भविष्य के करियर की संभावनाओं को बढ़ाने में सहायक हैं। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि विवि के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने आईआईटी रुड़की, आईआईएसईआर भोपाल और आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी द्वारा दिए गए अवसरों के लिए आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया में इन संस्थानों के संबंधित संकाय सदस्यों और अनुसंधान पर्यवेक्षकों द्वारा आयोजित वर्चुअल साक्षात्कार शामिल थे। सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बतया कि बीटेक आईटी की देवयानी, बीटेक सीएसई (एआई एंड एमएल) की सुमेधा, बीटेक एमई की कविता व ईशा तथा बीटेक ईई की तृप्ति आईआईटी रुड़की के लिए, बीटेक ईसीई की दीपशिखा कुमारी आईआईएसईआर भोपाल तथा बीटेक एमई की संध्या आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी के लिए चयनित की गई हैं।
Girish Saini 

