18 अगस्त तक कृषि यंत्र खरीदें चयनित किसानः एडीसी नरेंद्र कुमार

18 अगस्त तक कृषि यंत्र खरीदें चयनित किसानः एडीसी नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने एसएमएएम योजना 2026-27 के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए चयनित किसानों से निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने अभी तक परमिट डाउनलोड नहीं किया है अथवा कृषि यंत्र की खरीद नहीं की है, वे 18 अगस्त 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी कर लें।
उन्होंने बताया कि किसान विभागीय पोर्टल agriharyana.gov.in पर जाकर स्वयं परमिट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए पहले अपनी पसंद के कृषि यंत्र के निर्माता, अधिकृत डीलर और यंत्र का वेरिएंट चुनना अनिवार्य है। किसान चाहें तो अधिकृत निर्माता या डीलर के माध्यम से भी परमिट डाउनलोड करवा सकते हैं।

एडीसी ने कहा कि कृषि यंत्र खरीदने के बाद उस पर किसान का नाम, पता और योजना का नाम लिखवाना जरूरी है। निर्माता/डीलर के प्रतिनिधि के साथ यंत्र की लोकेशन आधारित फोटो भी लें। बिल, ई-वे बिल और फोटो विभागीय पोर्टल पर अपलोड करवाएं। परमिट में निर्धारित आकार के अनुसार ही कृषि यंत्र खरीदना होगा। जिन किसानों ने यंत्र खरीद लिया है और बिल पोर्टल पर अपलोड हो चुका है, वे बिल, ई-वे बिल, फोटो तथा डाउनलोड किया हुआ परमिट किसी भी कार्यदिवस में सहायक कृषि अभियंता, रोहतक के कार्यालय में जमा करवाएं।