सुपवा के डिजाइन फेस्ट -सूत्रम में पारंपरिक शिल्प कलाओं से रूबरू हुए स्कूली छात्र

लाइव वर्कशॉप में विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण।

सुपवा के डिजाइन फेस्ट -सूत्रम में पारंपरिक शिल्प कलाओं से रूबरू हुए स्कूली छात्र

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा)) में जारी तीन दिवसीय डिजाइन फेस्टिवल -सूत्रम के दूसरे दिन वीरवार को विवि परिसर में पारंपरिक शिल्प कलाओं के प्रति उत्सुकता देखने को मिली। शहर के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे विद्यार्थियों ने न केवल डिजाइन प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बल्कि लाइव वर्कशॉप में विशेषज्ञ शिल्पकारों से देश की पारंपरिक शिल्प कलाओं को सीखने का अनुभव भी प्राप्त किया। फेस्टिवल का समापन 14 अगस्त को सुपवा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत फैशन शो के साथ होगा।

सूत्रम का प्रमुख आकर्षण बनी लाइव वर्कशॉप के तहत पद्मश्री खेमराज सुंदरियाल ने हथकरघा, कमला अवार्डी गुरिंदर कौर भुल्लर ने पंजाब की फुलकारी एंब्रॉयडरी, केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय की पंजीकृत कारीगर वंदना गुप्ता ने फैब्रिक जूलरी और नेशनल अवार्डी दयाचंद ने टेराकोटा शिल्प की बारीकियां साझा की। वहीं, नेशनल अवार्डी एवं नेशनल मेरिट अवार्ड धारक अवधेश पांडेय ने विद्यार्थियों को ब्लॉक पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया।

कुलपति डॉ. अमित आर्य ने सूत्रम का दौरा कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने ब्लॉक पेंटिंग की लाइव वर्कशॉप में हिस्सा लेकर इस कला की बारीकियां सीखी और खुद भी पेंटिंग की। इस दौरान कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा सहित अन्य विवि अधिकारी व संकाय सदस्य भी मौजूद रहे।

सूत्रम में विशेष रूप से आमंत्रित शहर के महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, पठानिया पब्लिक स्कूल और मॉडल स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ सुपवा पहुंचे और कला, शिल्प और फैशन का अनूठा संगम दिखाती प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सुपवा के विद्यार्थियों ने पारंपरिक और आधुनिक परिधानों को प्रदर्शित किया है। प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण भारत का मानचित्र रहा, जिसमें विभिन्न राज्यों की प्रसिद्ध शिल्प कलाओं को वहां की पारंपरिक वेशभूषा और वस्त्रों के माध्यम से दर्शाया गया।

विवि परिसर की सजावट में भी विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा की झलक देखने को मिली। लाइव वर्कशॉप में स्कूली छात्रों और शहरवासियों ने कला विशेषज्ञों से संवाद किया तथा कई विद्यार्थियों ने शिल्पकारों के पास बैठकर स्वयं भी हाथ आजमाया। इसके अलावा विवि के विद्यार्थियों द्वारा चौपाटी के तहत लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल, प्रॉडक्ट स्टाल और सेल्फी प्वाइंट्स पर भी दिनभर आगंतुकों की भीड़ उमड़ी रही।

कुलसचिव ने बताया कि सूत्रम का समापन 14 अगस्त को विवि विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत फैशन शो के साथ होगा।