पदोन्नति में आरक्षण के निर्णय से अनुसूचित जाति समाज उत्साहितः चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया

कहा, भाजपा सरकार में अनुसूचित जाति समाज पूर्ण सुरक्षित।

पदोन्नति में आरक्षण के निर्णय से अनुसूचित जाति समाज उत्साहितः चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया ने कहा है कि अनुसूचित जाति के अधिकारियों को पदोन्नति में आरक्षण देने के राज्य सरकार के फैसले से समाज के संगठन, अधिकारी और बुद्धिजीवी काफी उत्साहित हैं। सरकार के इस निर्णय का अनुसूचित जाति के संगठनों द्वारा जगह कार्यक्रम आयोजित करके स्वागत किया जा रहा है।

सुदेश कटारिया रविवार को स्थानीय गुरु रविदास छात्रावास में गुरु रविदास एजुकेशन सोसाइटी द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा बनने के बाद कोई भी मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति की इस मांग को पूरा नहीं कर पाया, लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पदोन्नति में आरक्षण का ऐतिहासिक निर्णय लेकर यह साबित कर दिया है कि वे ही इस समाज के सच्चे हितैषी हैं। चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विधानसभा में की गई घोषणा के 15 दिन के भीतर ही पदोन्नति में आरक्षण की अधिसूचना जारी करके यह साबित कर दिया कि उनकी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोगों को उनके घर द्वार पर सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए राज्य सरकार ने विभिन्न पोर्टल लॉन्च किए है और इन पोर्टल्स का सबसे अधिक लाभ अनुसूचित जाति के लोगों को पहुंच रहा है क्योंकि यह एक ऐसा समाज है, जिसकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। अगर ऐसे लोगों को घर बैठे सरकार की पेंशन योजना व विभिन्न प्रमाण पत्र आदि की सुविधा मिल जाए तो निश्चित रूप से सरकार का यह एक सराहनीय कार्य है।

सुदेश कटारिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पोर्टल की सुविधा रास नहीं आ रही है और वे पोर्टल का विरोध करके अपनी अनुसूचित जाति विरोधी मानसिकता को ही समाज के सामने ला रहे हैं। मिर्चपुर कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ही आवास आदि का प्रबंध करके मिर्चपुर के पीड़ितों के पुनर्वास का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार अनुसूचित जाति के उत्थान व सुरक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में एससी एसटी आयोग व सफाई कर्मचारी आयोग का गठन करके समाज की वर्षों पुरानी मांग को भी पूरा किया है। राज्य सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल विचारों से संत है और उन्होंने अपने सरकारी निवास का नाम संत कबीर कुटीर के नाम से रखा है। हरियाणा में भाजपा की पहली ऐसी सरकार है जो सभी महापुरुषों की जयंतियां सरकारी खर्च पर मना रही है।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सूरजमल किलोई ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अनुसूचित जाति के लोगों को उनके अधिकार दिलवाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि धारा 370 को समाप्त करके सरकार ने बाबा भीमराव अंबेडकर व दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया ने गुरु रविदास व दिवंगत चांदराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिओम भाली, मंडल अध्यक्ष अशोक सहगल, कृष्ण शास्त्री, अशोक कांगड़ा व मुकेश ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर गुरु रविदास एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष जगबीर अहलावत, अजीत सिंह अहलावत, हवा सिंह दहिया, सुभाष नेहरा, देवेंद्र नारा आदि मौजूद रहे।