कैंसर मरीजों की सुविधा के लिए रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट ने पीजीआईएमएस को भेंट किए पांच एसी
पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पीजीआईएमएस के कैंसर ऑन्कोलॉजी विभाग में रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट द्वारा भेंट किए गए सभी पांच एयर कंडीशनर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिए गए हैं, जो अब पूरी तरह से कार्यरत हैं।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के पीजीआईएमएस के कैंसर ऑन्कोलॉजी विभाग में रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट द्वारा भेंट किए गए सभी पांच एयर कंडीशनर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिए गए हैं, जो अब पूरी तरह से कार्यरत हैं।
क्लब के अध्यक्ष अतुल बंसल के नेतृत्व में क्लब पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शुक्रवार को कैंसर ऑन्कोलॉजी विभाग का दौरा किया और मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अब मरीजों को उपचार एवं ऑपरेशन के बाद अधिक आरामदायक वातावरण उपलब्ध होगा। पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल के दौरान ठंडा और सुविधाजनक वातावरण मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में अहम भूमिका निभाता है।
क्लब अध्यक्ष ने कहा कि मरीजों के उपचार को अधिक सुविधाजनक और मानवीय बनाने की दिशा में यह पहल समाज सेवा का एक छोटा लेकिन सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनसेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस दौरान क्लब अध्यक्ष अतुल बंसल, सहित कशिश बंसल, सिद्धांत जैन, रजत बख्शी, साहिल अरोड़ा, प्रीतिश बंसल, अंकित डावरा, अनु बंसल और असीम अरोड़ा ने पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल तथा कैंसर ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव प्रसाद से भी भेंट की। दोनों अधिकारियों ने मरीजों के हित में किए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए क्लब के सामाजिक योगदान की प्रशंसा की।
Girish Saini 

