एशियन गेम्स में रोहतक की बेटियों का स्वर्णिम परचम

डीसी सतबीर सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर प्रवीण व हॉकी खिलाड़ी दीपिका को किया सम्मानित

एशियन गेम्स में रोहतक की बेटियों का स्वर्णिम परचम

रोहतक, गिरीश सैनी। एशियन गेम्स में रोहतक की बेटियों ने स्वर्ण पदक जीतकर देश और जिले का गौरव बढ़ाया। गांव रूड़की की अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर प्रवीण हुड्डा ने फाइनल में ताइवान की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, गांव भैंसरू खुर्द की हॉकी खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में भारत ने चीन को 1-0 से हराया।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने दोनों खिलाड़ियों के घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिजनों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रवीण और दीपिका की उपलब्धियां पूरे रोहतक के लिए गर्व का विषय हैं। दोनों खिलाड़ियों ने मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई है।

उपायुक्त ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग देगा। परिजनों और ग्रामीणों ने भी दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताई।