मकड़ौली में स्वास्थ्य शिविर में 92 ग्रामीणों की जांच; 25 दंत प्रक्रियाएं

मकड़ौली में स्वास्थ्य शिविर में 92 ग्रामीणों की जांच; 25 दंत प्रक्रियाएं

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) द्वारा सोमवार को गांव मकड़ौली में निःशुल्क बहु-विशेषज्ञता स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें करीब 92 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

मेडिकल एवं डेंटल कैंप के नोडल अधिकारी डॉ. मंजूनाथ ने बताया कि शिविर में दंत रोग, चर्म रोग, सामान्य चिकित्सा और सामुदायिक चिकित्सा विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। डॉ. कल्पना के नेतृत्व में दंत रोग विभाग की टीम ने 25 दंत प्रक्रियाएं की, जिनमें स्केलिंग और फिलिंग प्रमुख रहीं। साथ ही मुख कैंसर और कैंसर-पूर्व अवस्थाओं की जांच कर ग्रामीणों को दंत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

सामान्य चिकित्सा विभाग ने उच्च रक्तचाप, बुखार, गठिया और दमा के मरीजों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां दी। चर्म रोग विशेषज्ञों ने त्वचा संबंधी समस्याओं का उपचार किया। चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली और बीमारियों से बचाव की जानकारी भी दी। सरपंच सरिता देवी ने पहल की सराहना की।