समाधान शिविरों की शिकायतों के निपटारे में रोहतक आगे, प्रधान सचिव ने थपथपाई प्रशासन की पीठ
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की ओर से शुक्रवार को समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के निपटारे की जिलावार वर्चुअल समीक्षा की गई। विद्यालय शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जून 2024 से लंबित शिकायतों के निपटारे में रोहतक जिला प्रशासन के काम की सराहना की। जिले में अब नाममात्र शिकायतें लंबित हैं।
स्थानीय स्तर पर अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविरों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनसंवाद, समाधान शिविर, एसएमजीटी समेत विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में उचित समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने विभागवार लंबित और री-ओपन शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके तत्काल निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने विभागाध्यक्षों से कहा कि वे समाधान शिविरों और अन्य शिकायत पोर्टलों की नियमित रूप से स्वयं निगरानी करें तथा शिकायत मिलते ही कार्रवाई शुरू करवाएं।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक हैं। इनका उद्देश्य एक ही छत के नीचे नागरिकों की विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
बैठक में एसडीएम आशीष कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, नगराधीश शुभम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

