साइप्रस की सीएएसए कॉलेज प्रतिनिधि ने जीजेयू में किया विद्यार्थियों से संवाद

भारतीय संस्कारों व सांस्कृतिक मूल्यों की सराहना, अंतरराष्ट्रीय शिक्षा और रोजगार अवसरों पर चर्चा

साइप्रस की सीएएसए कॉलेज प्रतिनिधि ने जीजेयू में किया विद्यार्थियों से संवाद

हिसार, गिरीश सैनी। साइप्रस स्थित सीएएसए कॉलेज की प्रबंध निदेशक एलिना सैवरियाडेस ने वीरवार को गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि का दौरा किया। उन्होंने 150 से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग, कौशल विकास, व्यावहारिक प्रशिक्षण और वैश्विक रोजगार अवसरों पर चर्चा की।

सैवरियाडेस ने दौरे की शुरुआत गुरु जंभेश्वर महाराज धार्मिक केंद्र में दर्शन से की। इसके बाद उन्होंने कुलसचिव डॉ. विजय कुमार सहित विवि अधिकारियों से मुलाकात की और विदेशी शिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

संवाद कार्यक्रम में बीबीए, एमबीए, मास कम्युनिकेशन, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सैवरियाडेस ने भारतीय विद्यार्थियों के संस्कार, पारिवारिक मूल्यों, आपसी सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक शिक्षा और आधुनिक कौशल हासिल करने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत व मानवीय मूल्यों को बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है।

कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग विद्यार्थियों को वैश्विक शिक्षा प्रणालियों, कार्य-संस्कृति और रोजगार की बदलती आवश्यकताओं से परिचित कराने में सहायक है। अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओ.पी. सांगवान ने विद्यार्थी-शिक्षक आदान-प्रदान, संयुक्त कार्यक्रम और शोध सहयोग की संभावनाएं बताई।

सैवरियाडेस ने पीडीयूसीआईसी और प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल का भी दौरा किया। इस दौरान प्रो. योगेश चाबा, प्रो. किशना राम, डॉ. अंजू गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।