रेणु डाबला ने अनुसूचित जाति आयोग की वाइस चेयरपर्सन की शपथ ली

रेणु डाबला ने अनुसूचित जाति आयोग की वाइस चेयरपर्सन की शपथ ली

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा नेत्री रेणु डाबला ने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की वाइस चेयरपर्सन के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ समारोह में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया और हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

स्टाफ नर्स की नौकरी छोड़कर वर्ष 2012 में सार्वजनिक जीवन में आईं रेणु डाबला 2013 में रोहतक नगर निगम के वार्ड-4 से पार्षद चुनी गई और 2013 से 2018 तक नगर निगम की पहली महापौर रही। वे भाजपा हरियाणा की प्रदेश सचिव और भिवानी जिले की प्रभारी भी रह चुकी हैं। 2024 में उन्होंने कलानौर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा। राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय डाबला ने विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों पर काम किया है।

नई जिम्मेदारी पर डाबला ने कहा कि वे आयोग के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों, कल्याण और सामाजिक उत्थान से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देंगी तथा जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगी।