फर्जी वोट हटाना चुनाव आयोग का कामः अनिल विज
ऊर्जा मंत्री ने वरिष्ठ भाजपा नेता गुलशन भाटिया की भतीजी के निधन पर शोक जताया
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को वरिष्ठ भाजपा नेता गुलशन भाटिया के आवास पर पहुंचकर उनकी भतीजी स्व. सीमा के निधन पर शोक जताया और परिवार को सांत्वना दी। विज ने कहा कि गुलशन भाटिया भाजपा के पुराने और वरिष्ठ नेता हैं तथा वे उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहे हैं।
बाद में पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं खेल मंत्री रह चुके हैं और सरकार खिलाड़ियों को विशेष सुविधाएं एवं सम्मान देती है। हरियाणा के खिलाड़ी लगातार पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन पर विज ने कहा कि चुनाव आयोग मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण कर रहा है। उन्होंने कहा कि मृतकों, दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाताओं और शादी के बाद स्थानांतरित महिलाओं के नाम हटाना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि तिकड़मबाजी से मतदाता सूची में शामिल किए गए अपात्र नामों को हटाना भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने इस मुद्दे पर विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर निशाना साधा।

Girish Saini

