हैप्पी कार्ड से अंत्योदय परिवारों को राहत, सालाना 1,000 किमी मुफ्त सफरः डीसी
रोहतक, गिरीश सैनी। अंत्योदय परिवारों के उत्थान के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को राहत पहुंचाई जा रही है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत लाभार्थियों को हरियाणा रोडवेज की बसों में सालाना 1,000 किलोमीटर तक निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत परिवहन डिपो में लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा सार्वजनिक परिवहन में एनसीएमसी कार्ड लागू करने वाला देश का पहला राज्य है।
हैप्पी कार्ड ई-टिकटिंग व्यवस्था से जुड़ा स्मार्ट कार्ड है। इससे लाभार्थियों को यात्रा के दौरान टिकट के लिए कतार में खड़ा नहीं होना पड़ता, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। लाभार्थी सुमन, स्नेहा, पवन और मुकेश ने योजना को गरीब परिवारों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे रोजमर्रा के सफर का खर्च कम हुआ है। स्नेहा ने बताया कि विद्यार्थी होने के कारण उन्हें इस सुविधा से विशेष लाभ मिल रहा है।

Girish Saini 

