एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसरः डीसी

एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसरः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने युवाओं से राष्ट्रीय कैरियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर निशुल्क पंजीकरण कराकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का यह पोर्टल युवाओं को देश-विदेश में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी उपलब्ध करवाता है।

पोर्टल पर पंजीकरण के बाद युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के अनुरूप रोजगार तलाश सकते हैं। इसमें स्वचालित बायोडाटा तैयार करने तथा एआई इंटरव्यू कोच के माध्यम से साक्षात्कार की तैयारी करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

उपायुक्त ने बताया कि नियोक्ता भी पोर्टल पर रिक्त पदों के लिए योग्य उम्मीदवार तलाश सकते हैं। इसके अलावा युवाओं को व्यावसायिक परामर्श और कौशल विकास प्रशिक्षण की सुविधाएं भी मिलती हैं। डिजी सक्षम कार्यक्रम के तहत माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों के सहयोग से निशुल्क डिजिटल कौशल प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने युवाओं से पोर्टल पर पंजीकरण कर रोजगार, करियर परामर्श और कौशल विकास संबंधी सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।