विश्व एड्स दिवस पर गुजवि में रेड रिबन अभियान चलाया

विश्व एड्स दिवस पर गुजवि में रेड रिबन अभियान चलाया

हिसार, गिरीश सैनी। विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य पर गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवकों ने रेड रिबन अभियान चलाया।  अभियान की शुरूआत करते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने स्वयंसेवकों से कहा कि किसी भी बीमारी के प्रति जागरूकता उस बीमारी के ईलाज और रोकथाम में कारगर सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि यह जागरूकता अभियान न केवल एनएसएस स्वयंसेवकों की प्रतिबद्धता उजागर कर रहा है, बल्कि उनके समाज के प्रति और अधिक जिम्मेदार तथा विश्वविद्यालय के प्रति समर्पण भाव को भी प्रदर्शित कर रहा है। कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने हमेशा ही राष्ट्र, प्रदेश व समाज के जागरूकता अभियानों में अग्रणीय योगदान दिया है। कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर ने भी इस अभियान के लिए स्वयंसेवकों को बधाई दी।  

एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता के नेतृत्व में 50 स्वयंसेवकों ने पूरे गुजवि परिसर में जागरूकता फैलाई। एड्स के खिलाफ लड़ाई का प्रतीक रेड रिबन सभी शिक्षकों, अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाया। 

कार्यक्रम संचालन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह, डॉ. सुनीता रानी, डॉ. विनीता माथुर, डॉ. विकास जांगड़ा, डॉ. कल्पना, डॉ. ललित तथा डॉ. नरेंद्र ने विशेष सहयोग किया।