राजीव गांधी ने रखी आधुनिक भारत की नींवः पूर्व सीएम हुड्डा
हुड्डा ने स्व. राजीव गांधी को श्रद्धांजलि।
रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित सद्भावना दिवस कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राजीव गांधी को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और कार्यशैली की छाप देश के विकास पर आज भी दिखाई देती है।
हुड्डा ने कहा कि 1984 से 1989 तक प्रधानमंत्री रहते हुए राजीव गांधी ने कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांति की नींव रखी। कंप्यूटरीकरण को बढ़ावा देने के साथ दूरसंचार व्यवस्था को मजबूत किया गया। नई शिक्षा नीति, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने और आर्थिक सुधारों की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए यह बड़े सौभाग्य की बात है कि मैंने 21वीं सदी के आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने वाले राजीव गांधी के बेहद करीब रहकर काम किया। उनकी दूरदृष्टि, कार्यशैली और यादें हमेशा हमारे दिल-दिमाग में अंकित रहेंगी।
पूर्व सीएम हुड्डा ने राजीव गांधी के विदेश नीति संबंधी योगदानों को भी याद करते हुए भारत-श्रीलंका समझौते, मालदीव की सुरक्षा और सार्क को मजबूत करने के प्रयासों का उल्लेख किया। कहा कि युवाओं को राजनीति और विकास से जोड़ने तथा विज्ञान-प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने की उनकी सोच ने भारत को नई दिशा दी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध, विधायक अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, बलराम दांगी, चंदरप्रकाश व इंदुराज समेत कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini 

