सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को किया जाएगा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकः गजेंद्र फौगाट

मुख्यमंत्री ने किया सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की प्रचार अभियान की विवरणिका का विमोचन।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को किया जाएगा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकः गजेंद्र फौगाट

रोहतक, गिरीश सैनी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के ओएसडी (प्रचार) गजेंद्र फौगाट ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा अभियान के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भजन, नाटकों द्वारा नशे के दुष्प्रभावों के बारे लोगों को जागरूक किया जाएगा ताकि प्रदेश को नशा मुक्त बनाया जा सके। इसके लिए सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष प्रचार अभियान चलाया जाएगा। रोहतक में विशेष प्रचार अभियान शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंचकूला में नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नशा मुक्त हरियाणा अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा चलाए जाने वाले प्रचार अभियान की विवरणिका का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नशा मुक्त अभियान में लोक कलाकारों द्वारा फोक, रागिनी एवं नाटक के माध्यम से हरियाणवी भाषा में लोगों को नशे की आदत को छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस विशेष प्रचार-प्रसार अभियान में गांवों के सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और कॉलेजों में भजन एवं नाटक मंडलियों द्वारा लगातार कार्यक्रम किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नशे से व्यक्ति, पैसे तथा विचारों से बर्बाद हो जाता है। इसके साथ ही नशे से पीड़ित व्यक्ति मानसिक एवं शारीरिक रूप से खोखला हो जाता है, जिसकी भरपाई नामुमकिन हो जाती है। इसलिए हरियाणा में पहली बार नशे को दूर करने के लिए नशा मुक्ति मुहिम चलानी आवश्यक हो गई ताकि प्रदेश से इस सामाजिक बुराई का उन्मूलन किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रचार अभियान में सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं का भी भरपूर सहयोग लिया जाएगा और इस मुहिम को गांव, स्कूल, कॉलेज स्तर से ही सक्रिय कर हर व्यक्ति को नशा मुक्त अभियान से जोड़ा जाएगा।

लोक रंग सांझ सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा रागनी -दारू दुश्मन हो माणस की ना पीनी प्यानी चाहिए, करे शरीर का नाश आदमी न अक्कल आनी चाहिए- सुनाई गई व बेटी बचाओ-नशा भगाओ नाटक का मंचन किया गया। इसके अलावा, नौ साल करै कमाल, हेल्थ कार्ड बनवा लो, चिरायु का फायदा उठा लो नामक विकासात्मक गीत भी प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री ने शानदार प्रस्तुति देने के लिए सभी कलाकारों का आभार जताया।

इस दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन जयवीर आर्य, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार बी बी भारती, डीआईजी पुलिस पंकज नैन, पंचकूला की अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खनगवाल, बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष रंजीता मेहता, चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर रमनीक सिंह मान, विशेष कार्यकारी अधिकारी प्रचार गजेंद्र फोगाट, पब्लिसिटी एडवाईजर तरुण भंडारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।