पीटीसी सुनारिया को मिला आधुनिक सभागार, आईपीएस ममता सिंह ने किया उद्घाटन

पुलिस प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और जागरूकता कार्यक्रमों को मिलेगी नई गति।

पीटीसी सुनारिया को मिला आधुनिक सभागार, आईपीएस ममता सिंह ने किया उद्घाटन

रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज (पीटीसी) सुनारिया में बुधवार को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नवनिर्मित सभागार का उद्घाटन हुआ। सभागार का उद्घाटन सोनीपत की पुलिस कमिश्नर ममता सिंह, आईपीएस ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीटीसी सुनारिया के आईजी अशोक कुमार, आईपीएस ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक ध्यान सिंह, आईपीएस की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ ममता सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पीटीसी की पीआरओ एवं मल्टीमीडिया शाखा टीम द्वारा तैयार विशेष वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की प्रशिक्षण गतिविधियों, उपलब्धियों और प्रशिक्षणार्थियों को दी जा रही गुणवत्तापूर्ण ट्रेनिंग की जानकारी दी गई।

इस दौरान डीएवी पब्लिक स्कूल, सुनारिया की टीम ने नशा मुक्ति और नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित नुक्कड़ नाटिका प्रस्तुत की। नाटिका के जरिए युवाओं और समाज को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस कर्मचारियों एवं पुलिस परिवारों के बच्चों की खेल और शिक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों को भी सामने रखा गया। प्रतिभावान बच्चों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक दुर्गा शक्ति, पीटीसी सुनारिया विजय प्रताप, एसपी रोहतक गौरव राज पुरोहित, डीएसपी पीटीसी विकास कृष्ण सहित पुलिस अधिकारी, डीएवी स्कूल के शिक्षक, सभागार निर्माण से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस परिवार और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नवनिर्मित सभागार में पुलिस प्रशिक्षण के साथ बैठकों, कार्यशालाओं, जागरूकता अभियानों और अन्य विभागीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। अधिकारियों ने इसे पीटीसी की सुविधाओं में महत्वपूर्ण विस्तार बताते हुए इसकी सराहना की।