गुरु रविदास के 650वें जन्मोत्सव पर संघ द्वारा किए जाएंगे कार्यक्रमः प्रांत संघचालक प्रताप सिंह
हरियाणा में 1424 स्थानों पर चल रही 2644 शाखाएं।
रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हरियाणा के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह ने कहा कि समालखा स्थित माधव सृष्टि में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में देशभर से 1468 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ. मोहन राव भागवत एवं सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान संगठन के विस्तार, कार्य पद्धति और भविष्य की योजनाओं पर गहन चर्चा हुई।
प्रांत संघचालक प्रताप सिंह ने रोहतक में पत्रकारों से संवाद के दौरान ये जानकारी दी। इस दौरान हरियाणा के प्रांत प्रचार प्रमुख राजेश कुमार, जिला संघचालक देवेंद्र कुमार तथा जिला कार्यवाह सुशील कुमार भी मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में संघ द्वारा व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने और उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही, एक महत्वपूर्ण निर्णय संगठन के भौगोलिक पुनर्गठन को लेकर लिया गया। वर्तमान में 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों की संरचना को बदलकर 9 क्षेत्र और 80 से अधिक विभाग (संभाग) बनाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। ये व्यवस्था मार्च, 2027 के बाद लागू होगी, जिससे संगठन के कार्य में गति और प्रभावशीलता आने की अपेक्षा है।
बैठक के दौरान शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई और जिन क्षेत्रों में कार्यक्रम शेष हैं, वहां उन्हें सफलतापूर्वक पूर्ण करने की रणनीति बनाई गई। आयोजन की दृष्टि से हरियाणा के स्वयंसेवकों ने उत्कृष्ट प्रबंधन का परिचय दिया। कार्यक्रम में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विशेष सजगता दिखाई गई।
इस अवसर पर संगठन की विभिन्न गतिविधियों के आंकड़े भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभर में बड़ी संख्या में शाखाओं, सम्मेलनों और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी का उल्लेख किया गया।
राष्ट्र गीत वन्दे मातरम् की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हरियाणा प्रान्त के बौद्धिक विभाग द्वारा शाखा-केंद्रित वन्दे मातरम् पखवाड़ा के तहत 599 शाखाओं में कुल 4839 स्वयंसेवकों ने नियमित वन्दे मातरम् गीत का अभ्यास किया। हिन्द की चादर गुरु तेग बहादुर के 350वें शहादत वर्ष के अवसर पर शहीदी स्मरण सप्ताह के तहत 633 शाखाओं में 7296 स्वयंसेवकों के बीच ये विषय पहुंचाया गया। संघ द्वारा हरियाणा में 1106 स्थानों पर विजयादशमी उत्सव मनाया गया। इस दौरान 525 स्थानों पर पथ संचलन किया गया, जिसमें कुल 70305 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने पर स्वयंसेवकों द्वारा चलाए गए गृह संपर्क अभियान के दौरान 6,418 गांवों तथा 1,443 बस्तियों में संपर्क किया गया। इस दौरान 30,74,206 घरों में संपर्क किया गया।
प्रांत संघचालक प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान में संघ के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2025 में 51,740 स्थानों पर 83129 शाखाएं चलती थी, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 55,683 स्थानों पर 88949 शाखाएं हो गई। इस प्रकार देशभर में 5820 शाखाओं की बढ़ोत्तरी हुई। वहीं हरियाणा में 1424 स्थानों पर 2644 शाखाएं चलती हैं।

Girish Saini 

