उत्तर-पूर्व में हिंदी की अलख जगाएंगे प्रो. विपिन

उत्तर-पूर्व में हिंदी की अलख जगाएंगे प्रो. विपिन

रोहतक, गिरीश सैनी। वैश्य महाविद्यालय, भिवानी के हिंदी विभाग के प्रो. विपिन गुप्ता का चयन केंद्रीय हिंदी निदेशालय, शिक्षा मंत्रालय की प्राध्यापक व्याख्यान योजना 2026-27 के लिए हुआ है। वे 21 से 26 सितंबर तक उत्तर-पूर्व भारत के विभिन्न विवि एवं महाविद्यालयों में हिंदी भाषा और साहित्य से जुड़े विषयों पर व्याख्यान देंगे।

केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक प्रो. हितेंद्र कुमार मिश्रा ने उन्हें आशय-पत्र प्रदान किया है। योजना का उद्देश्य हिंदीतर राज्यों में हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ विभिन्न भाषाई क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करना है।

हिंदी के अध्येता एवं शोधकर्ता प्रो. गुप्ता 100 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में शोध-पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। उनके 40 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हैं। सीबीएलयू, भिवानी की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी ने उनके चयन को भिवानी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि उनके व्याख्यान उत्तर-पूर्व में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने में सहायक होंगे।