समय पर जांच से गंभीर बीमारियों से बचाव संभवः शमशेर खरक

लाखन माजरा में मेगा हेल्थ कैंप में 350 से अधिक मरीजों की जांच

समय पर जांच से गंभीर बीमारियों से बचाव संभवः शमशेर खरक

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाखन माजरा में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक ने कैंप का शुभारंभ किया। कैंप में 350 से अधिक मरीजों की जांच की गई।

ईएनटी, महिला स्वास्थ्य, बाल रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। मरीजों को सीएचसी की ओर से जरूरी दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गईं।

खरक ने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच और बीमारी की शुरुआती पहचान से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है। ग्रामीणों को नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना ऐसे शिविरों का उद्देश्य है।

कैंप में एनसीडी, एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य, टीकाकरण, आयुष्मान भारत-पीएमजेएवाई, आभा, रक्तदान और अंगदान सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। लोगों को मौखिक स्वास्थ्य और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति की शपथ ली।