जलभराव व बाढ़ की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्री-रिव्यू बैठक आयोजित
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बाढ़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला में बाढ़ व जलभराव की समस्या की प्रभावी रोकथाम के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ एक प्री-रिव्यू बैठक आयोजित कर बाढ़ नियंत्रण एजेंडे की समीक्षा की।
उपायुक्त ने इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इस प्री-रिव्यू बैठक का उद्देश्य जिला के सभी बाढ़ संभावित व जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की समग्र पहचान कर वहां उपयुक्त रोकथाम कार्यों की योजना बनाना है, ताकि मानसून से पूर्व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने कि जिला प्रशासन वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की रोकथाम तथा अत्यधिक वर्षा की स्थिति में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गांव-वार बाढ़ संभावित स्थलों, प्रस्तावित हस्तक्षेपों, जल निकासी क्षमता तथा अपेक्षित परिणामों का विस्तृत आकलन तैयार करें, ताकि बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं को समय पर स्वीकृति मिल सके।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने डीआरओ प्रमोद चहल को निर्देश दिए कि वे पिछले तीन वर्षों में बाढ़ व जलभराव के कारण फसल क्षति पर वितरित मुआवजे का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराएं। उन्होंने पूर्व में स्वीकृत बाढ़ नियंत्रण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त आवश्यक उपायों पर चर्चा की।
बैठक के उपरांत उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मोखरा, बहलबा व मदीना सहित विभिन्न गांवों में प्रस्तावित बाढ़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ नियंत्रण उपाय इस प्रकार नियोजित किए जाएं कि सामान्य वर्षा में जलभराव न हो तथा भारी वर्षा की स्थिति में अतिरिक्त पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता शिवराज, डीआरओ प्रमोद चहल, कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल, राजीव राठी, अरुण कुमार, संजीव कुमार, एसडीओ सुजीत, अंकित जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


