पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल ने देश को नई दिशा और नई पहचान दीः पूर्व मंत्री ग्रोवर

विकास सदन में उपलब्धियों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ।

पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल ने देश को नई दिशा और नई पहचान दीः पूर्व मंत्री ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के इतिहास में परिवर्तनकारी और जनकल्याणकारी रहे हैं। वे स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में उपलब्धियों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के उपरांत प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से नगराधीश शुभम व जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक के कार्यकाल में केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है तथा पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प को साकार किया है। उन्होंने कहा कि जन-धन योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों के बैंक खाते खोले गए, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचना संभव हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, हर घर जल योजना, मुद्रा एवं गारंटी मुक्त ऋण योजनाओं सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रमों ने गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है और आज विश्व मंच पर भारत एक मजबूत एवं प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।

ग्रोवर ने कहा कि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी शासन देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सीमित राज्यों में सरकार होने के बावजूद आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का दायरा लगातार बढ़ा है, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और जनता के विश्वास का प्रमाण है।

रोहतक शहर की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि माल गोदाम रोड क्षेत्र में जलभराव एवं गंदगी की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस समस्या के समाधान के लिए निर्धारित समय सीमा को कम करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।

इस प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दर्शाई गई है। ये प्रदर्शनी लगातार तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी।