कुरुक्षेत्र को 30 सितंबर तक एनीमिया मुक्त करने का संकल्पः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

25000 ग्रामीणों की जांच, आधे से अधिक एनीमियाग्रस्त।

कुरुक्षेत्र को 30 सितंबर तक एनीमिया मुक्त करने का संकल्पः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

पेहोवा, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के अंतर्गत प्रदेश में 30 जून 2026 तक एनीमिया उन्मूलन माह मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम, जांच एवं उपचार को सुदृढ़ करना है। डॉ. चौहान खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के सभागार में जिले के सरपंचों और ग्राम सचिवों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक 25000 ग्रामीणों की जांच की गई और उसमें आधे से अधिक एनीमिया ग्रस्त पाए गए हैं।

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि इस राष्ट्रीय मिशन के अंतर्गत राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अभियान को ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत विभाग द्वारा हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसी कड़ी में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग व गांव के सरपंच और ग्राम सचिवों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।

उन्होंने कहा कि जून माह को एनीमिया उन्मूलन माह के रूप में मनाया जा रहा है। बैठक में तय किया गया कि इन दिनों चल रहे मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान के बाद नए सिरे से जिले के सब गांवों में इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि उपस्थित प्रतिनिधियों से विमर्श के बाद 30 सितंबर तक जिला कुरुक्षेत्र को एनीमिया मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

एनीमिया उन्मूलन अभियान में पंचायत विभाग की ओर से राज्य की नोडल अधिकारी नीलम छिकारा ने उपस्थित प्रतिनिधियों को अभियान की बारीकियों, महत्व और लक्ष्य की जानकारी दी। डॉ. शैलजा मंगला इस अभियान की जिला नोडल अधिकारी है। उन्होंने कहा कि एनीमिया एक गंभीर जन स्वास्थ्य समस्या है, जो बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा महिलाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। अभियान के दौरान जिले की सभी पंचायतों ,स्वास्थ्य संस्थाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों पर एनीमिया की जांच, आयरन-फोलिक एसिड  वितरण, पोषण संबंधी परामर्श तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत 6 माह से 59 माह तक के बच्चों, 5 से 9 वर्ष के बच्चों, 10 से 19 वर्ष के किशोर-किशोरियों, 20 से 49 वर्ष की महिलाओं, गर्भवती महिलाओं एवं स्तनपान कराने वाली माताओं को विशेष रूप से लाभान्वित किया जाएगा। एनीमिया मुक्त हरियाणा की 6 गुणा 6 गुणा 6 रणनीति के टी 4 फॉर्मूला के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों की पहचान,जांच, उपचार एवं फॉलो-अप सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने सरपंच व गणमान्य व्यक्ति से अपील की कि ऐसे व्यक्ति की पहचान कर अपने निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र अथवा आंगनबाड़ी केन्द्र पर एनीमिया उन्मूलन महा अभियान के तहत उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं तथा आयरन युक्त संतुलित आहार अपनाकर एनीमिया मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें। इस दौरान डिप्टी सीईओ कृष्ण लाल, बीडीपीओ विवेक कुमार, पीओ सीमा, सरपंच जेपी महला, देवीदयाल, रविंद्र काजल, पं. आजाद कुमार, एसीपीओ मोहित सिंगला आदि मौजूद रहे।