एमडीयू में पीएचडी प्रवेश शुरू, 15 अक्टूबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन
कुलपति प्रो. पूनियाँ ने एमडीयू पोर्टल पर पीएचडी प्रवेश लिंक का लोकार्पण किया
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न विषयों में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया की अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने एमडीयू पोर्टल पर पीएचडी प्रवेश लिंक का लोकार्पण किया।
कुलपति ने कहा कि पीएचडी प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में शोध की महत्वपूर्ण भूमिका है और एमडीयू का बेहतर शैक्षणिक एवं शोध वातावरण शोधार्थियों को सार्थक अनुसंधान के अवसर उपलब्ध कराएगा।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा ने बताया कि विभिन्न विभागों में उपलब्ध पीएचडी सीटों, पात्रता शर्तों और प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार यूजीसी नेट कैटेगरी-1 के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 21 और 22 अक्टूबर को होंगे तथा पहली मेरिट सूची 23 अक्टूबर को जारी की जाएगी। प्रवेश काउंसलिंग 27 अक्टूबर को होगी और चयनित अभ्यर्थियों को 28 अक्टूबर तक फीस जमा करनी होगी। रिक्त सीटों की सूची 30 अक्टूबर को जारी होगी।
इसके बाद शेष सीटों के लिए यूजीसी नेट कैटेगरी-1, 2 और 3 के ऑनलाइन पंजीकरण 2 से 12 नवंबर तक होंगे। साक्षात्कार 16-17 नवंबर, मेरिट सूची 18 नवंबर और काउंसलिंग 19 नवंबर को होगी। तीसरी काउंसलिंग 25 नवंबर को होगी। पीएचडी कोर्सवर्क की कक्षाएं 1 दिसंबर से शुरू होंगी।
इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन (आर एंड डी) प्रो. हरीश दुरेजा, निदेशक आईक्यूएसी प्रो. बी. नरसिम्हन, यूनिवर्सिटी लाइब्रेरियन डॉ. सतीश मलिक, अधिष्ठाता प्रो. राजीव कुमार, प्रो. मीनाक्षी वशिष्ठ, प्रो. नीलकमल, एसोसिएट डीन प्रो. दीप्ति हुड्डा, सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini

