₹2.8 लाख तक निवेश में खोलें रिटेल स्टोर, युवाओं को मिलेगा रोजगारः उपायुक्त

₹2.8 लाख तक निवेश में खोलें रिटेल स्टोर, युवाओं को मिलेगा रोजगारः उपायुक्त

रोहतक, गिरीश सैनी। युवाओं और स्वरोजगार के इच्छुक नागरिकों को व्यवसाय शुरू करने का अवसर देने के लिए हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड की लघु रिटेल स्टोर योजना संचालित की जा रही है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत पात्र आवेदक अपने गांव या वार्ड में रिटेल स्टोर खोलकर स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होना जरूरी है। आवेदक उसी गांव या वार्ड का निवासी होना चाहिए, जहां स्टोर प्रस्तावित है। स्टोर के लिए कम से कम 200 वर्ग फुट स्थान उपलब्ध होना आवश्यक है।

उपायुक्त के अनुसार 200 वर्ग फुट के स्टोर की स्थापना पर करीब 2.70 से 2.80 लाख रुपये का निवेश अनुमानित है। इसमें लगभग 5,000 रुपये प्रतिभूति, 70-80 हजार रुपये फर्नीचर व फिटिंग तथा करीब दो लाख रुपये रेनोवेशन पर खर्च होंगे।

पात्र आवेदक मुद्रा लोन के माध्यम से वित्तीय सहायता ले सकते हैं। उन्हें कुल लागत का करीब 15 प्रतिशत स्वयं वहन करना होगा। उपायुक्त ने पात्र युवाओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की।