एमडीयू में मर्सी चांस के ऑनलाइन आवेदन शुरू

हजारों विद्यार्थियों के लिए डिग्री पूरी करने का मौका।

एमडीयू में मर्सी चांस के ऑनलाइन आवेदन शुरू

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू द्वारा विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए मर्सी चांस के ऑनलाइन आवेदन शुक्रवार से शुरू किए गए हैं। इस फैसले से उन हजारों विद्यार्थियों को फायदा मिलेगा, जो निर्धारित अवसरों में अपनी डिग्री पूरी नहीं कर सके थे। अब ऐसे विद्यार्थी दोबारा परीक्षा देकर अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे तथा अंकों में सुधार का अवसर भी प्राप्त कर पाएंगे।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि विवि विद्यार्थियों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। कई विद्यार्थी पारिवारिक, आर्थिक और अन्य परिस्थितियों के कारण पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए थे। ऐसे विद्यार्थियों को नया अवसर देने के उद्देश्य से मर्सी चांस दिया जा रहा है, ताकि वे डिग्री पूरी कर अपने करियर को नई दिशा दे सकें।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. राहुल ऋषि के अनुसार वर्ष 2001 के बाद पंजीकृत विद्यार्थी इस विशेष अवसर का लाभ उठा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर कुलपति द्वारा गठित समिति पुराने मामलों पर भी विचार कर सकती है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई से 5 जून 2026 तक चलेगी, जबकि परीक्षाएं अगस्त 2026 में विवि परिसर में ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि यह सुविधा केवल पुनः परीक्षा तक सीमित नहीं होगी, बल्कि विद्यार्थी अपने अंकों में सुधार भी कर सकेंगे। हालांकि बीएड पाठ्यक्रम में अंक सुधार की अनुमति नहीं रहेगी।