महर्षि वाल्मीकि जयंती पर डॉ. अर्चना गुप्ता का आह्वान, रामायण के आदर्श अपनाएं और हर बच्चे को शिक्षित करें
रोहतक, गिरीश सैनी। रामायण के आदर्शों को जीवन में उतारें और आर्थिक तंगी के चलते किसी भी बच्चे की पढ़ाई न छूटने दें। हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर समाज से यह आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित युवा पीढ़ी और संस्कारित समाज ही महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को सार्थक रूप से आगे बढ़ा सकता है।
वे रविवार को पाड़ा मोहल्ला स्थित वाल्मीकि मंदिर परिसर में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद बच्चों की पढ़ाई न छुड़वाएं और बेटियों की उच्च शिक्षा सुनिश्चित करें।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को मानवता और सदाचार की प्रेरणा बताया। मेयर ने ऐतिहासिक रामजोहड़ी को अमृतसर के वाल्मीकि तीर्थ की तर्ज पर विकसित करने की योजना की जानकारी दी। समारोह में जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्श अपनाने का संकल्प लिया।

Girish Saini

