हरियाणा दिवस पर कुलपति डॉ अग्रवाल ने किया ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक

सफाई व्यवस्था सुधारने और मरीजों के हितों को सर्वोपरि रखने के दिए निर्देश

हरियाणा दिवस पर कुलपति डॉ अग्रवाल ने किया ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक

रोहतक, गिरीश सैनी। पं.भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने रविवार को हरियाणा दिवस पर ट्रॉमा सेंटर और इमरजेंसी विभाग का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और मरीजों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं भी दी।

कुलपति ने विभिन्न वार्डों, आईसीयू, दवा वितरण केंद्र और सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों ने उपचार पर संतोष जताते हुए चिकित्सकों और स्टाफ की सेवाओं की सराहना की।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा दिवस पर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प लेना चाहिए। पीजीआईएमएस को देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में शामिल करना संस्थान का लक्ष्य है।

निरीक्षण के दौरान कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री, ट्रॉमा सेंटर इंचार्ज डॉ. हेमंत मोर सहित वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।