मंडी में किसानों का एक भी दाना नहीं छूटेगाः डॉ अरविंद शर्मा
सांपला अनाज मंडी में लिया खरीद व्यवस्था का जायजा
रोहतक, गिरीश सैनी। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को सांपला की नई अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में धान की ढेरियों का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों से खरीद और उठान की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
डॉ. शर्मा ने कहा कि मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान की फसल की नियमानुसार खरीद सुनिश्चित की जाए। खरीद और उठान व्यवस्था सुचारू रखी जाए तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों का एक भी दाना खरीद से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में सहकारिता मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उन्हें गढ़ी सांपला-किलोई की जनता की याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और सरकार के विकास कार्य जनता के सामने हैं।
उन्होंने कहा कि आसौदा तक मेट्रो विस्तार की प्रक्रिया आगे बढ़ी है और इसे रोहतक तक लाने के प्रयास जारी हैं।

Girish Saini

