सड़क सुरक्षा में लापरवाही नहीं, ब्लैक स्पॉट होंगे दुरुस्त
एडीसी ने हाईवे पर अवैध पार्किंग, गलत दिशा और ओवरलोडिंग पर सख्ती के दिए निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुधार कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल कार्य शुरू करना पर्याप्त नहीं, बल्कि मौके पर काम पूरा होने और उसकी प्रभावी निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ब्लैक स्पॉट पर स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिग्नल, चेतावनी संकेत, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, सड़क चैनलाइजेशन और अवैध कट बंद करने के निर्देश दिए। हाईवे पर भारी व व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और अन्य यातायात उल्लंघनों पर नियमित प्रवर्तन कार्रवाई के साथ पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत कैमरों, स्पीड डिटेक्शन और वेरिएबल मैसेज साइन बोर्ड को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। ट्रक ले-बाई और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।
शहरी यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने सुबह 7 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर अगली बैठक में रिपोर्ट देने को कहा।
उन्होंने सर्दी से पहले सड़कों की मरम्मत और रोड मार्किंग पूरी करने के निर्देश दिए। सेक्टर-22 में सड़क मरम्मत, चौड़ीकरण व क्षतिग्रस्त सीवर मैनहोल की मरम्मत की भी समीक्षा हुई। खिलाड़ियों से सड़क के बजाय स्टेडियम में व्यायाम करने की अपील की गई।

Girish Saini 

