निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने शहर के सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेंद्र कुमार ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जाट भवन से एचएसवीपी कार्यालय तक विकसित की जा रही ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-2 में निर्माणाधीन नमो वन, सेक्टर-2 में नवनिर्मित सड़कों, सेक्टर-3 में विकसित की जा रही ग्रीन बेल्ट एवं स्मार्ट मार्केट तथा सेक्टर-3 में बनाई जा रही नई सड़कों के कार्य का जायजा लिया। इस दौरान संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी व मनजीत सिंह, कार्यकारी अभियंता योगराज छिकारा, सहायक अभियंता शांत सुहाग व मनदीप, कनिष्ठ अभियंता देवेंद्र बेनीवाल, विशाल खेड़ा, सूर्य धनखड़ सहित अन्य मौजूद रहे।
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा आधुनिक शहरी ढांचे का विकास नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सेक्टर-2 में विकसित किए जा रहे नमो वन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पौधारोपण, सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, जाट भवन से एचएसवीपी तक बनाई जा रही ग्रीन बेल्ट एवं सेक्टर-3 की ग्रीन बेल्ट का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने अधिकाधिक हरियाली विकसित करने और रखरखाव के कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सेक्टर-2 एवं सेक्टर-3 में नवनिर्मित सड़कों तथा स्मार्ट मार्केट परियोजना का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की और अधिकारियों को जनहित में सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम रोहतक शहर के विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिकों को बेहतर एवं आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि इनका लाभ आमजन को समयबद्ध रूप से प्राप्त हो सके।
Girish Saini 

