निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने नागरिकों से स्वच्छ शहर के निर्माण में योगदान देने की अपील की
नगर निगम ने वार्ड 8 व 14 में चलाया विशेष सफाई अभियान।
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम, रोहतक के आयुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वार्ड नं. 8 व 14 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान निगम पार्षद, अधिकारी, सफाई निरीक्षक सहित सफाई कर्मियों व स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग दिया। अभियान के दौरान वार्डों की प्रमुख सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों तथा खाली पड़े प्लाटों में फैले कूड़े-कचरे को हटाया गया। निगमायुक्त द्वारा पहले ही मुख्य सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए जा चुके हैं कि जो कूड़े के ढेर खत्म किए जा रहे है, वहां दोबारा गंदगी न फैले तथा गंदगी फैलाता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति का चालान किया जाए।
निगम अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नियमित सफाई कार्य के साथ-साथ विशेष अभियान भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे। वार्डवासियों ने भी सफाई अभियान में सहयोग करते हुए क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
निगमायुक्त नरेंद्र कुमार ने नागरिकों से अपील की कि अपने घरों व प्रतिष्ठानों का कूड़ा केवल कूड़ा लेने वाले वाहन में ही डाले। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाये। निगमायुक्त ने कहा कि एक स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता भी अति आवश्यक है।
Girish Saini 


