सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भाजपा का सबसे बड़े पन्ना प्रमुख बताया

कहा, भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर चुराया जनादेश।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भाजपा का सबसे बड़े पन्ना प्रमुख बताया

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अब ये बात शीशे के तरह साफ हो गई है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ही बीजेपी के सबसे बड़े पन्ना प्रमुख हैं। जैसे-जैसे हरियाणा में वोट चोरी की परतें खुल रही हैं, वैसे-वैसे ये भी साबित हो रहा है कि हरियाणा में भाजपा ने जनमत की चोरी करके सरकार बनायी है। उन्होंने कहा कि जनता हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती थी, लेकिन भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर जनादेश चुरा लिया।

 

सांसद ने कहा कि विधानसभा चुनाव के वक्त सभी एक्जिट पोल, मीडिया चैनल, अखबार, अन्य राजनीतिक दल - यहां तक कि खुद भाजपा के लोग भी कह रहे थे कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बन रही है। लेकिन भाजपा की सरकार बनने पर सभी हैरान रह गए। जमीनी हालात कांग्रेस के पक्ष में ही थे, जिसे हर किसी ने महसूस किया और मीडिया ने भी दिखाया व छापा। लेकिन चुनाव नतीजे आने के बाद बीजेपी ने कहा कि सारे एक्जिट पोल, मीडिया चैनल, अखबार झूठ बोल रहे थे। जबकि सच्चाई ये है कि मीडिया या एक्जिट पोल झूठ नहीं बोल रहे थे, उनका आकलन सत्य था। बीजेपी वोट चोरी को छुपाने के लिए झूठ बोल रही थी, उसने हरियाणा का जनादेश चुरा लिया।

 

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के परिणामों को देखकर आम हरियाणवी के गले भी ये बात नहीं उतर रही थी कि जो कांग्रेस बैलट पेपर की गिनती में 76 सीटों पर आगे थी, वो मशीन खुलते ही 37 पर कैसे चली गयी। क्योंकि, पिछले 5 चुनावों के नतीजों को देखें तो हरियाणा में जो पार्टी बैलट वोट में जीतती है उसी की सरकार बनती है। लेकिन इस बार उलटा हुआ। मुख्यमंत्री नायब सैनी खुलेआम कह रहे थे कि सारी व्यवस्था है।

 

सांसद ने कहा कि हरियाणा में केवल वोट चोरी नहीं हुई, बल्कि सत्ता चोरी हुई है। हरियाणा में जनभावना से नहीं, वोटों की चोरी से सरकार बनाई गई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खुलासे में यह भी सामने आया कि हरियाणा में हज़ारों लोग ऐसे हैं जिनके वोट हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों जगह हैं। इनमें कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी शामिल हैं। राहुल गांधी ने सत्ता में बैठी बीजेपी और चुनाव आयोग की मिलीभगत को सबूत के साथ पूरे देश के सामने उजागर किया है। ये बेहद गंभीर मामला है। जब असली मतदाता वोट से वंचित रहेगा और नकली वोट पड़ेंगे तो प्रजातन्त्र के मायने ही क्या रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संसद, विधानसभा तथा सड़क तक संविधान में दिए मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए इन वोट चोरों के खिलाफ आवाज उठाएगी।