विश्व पर्यटन दिवस पर तिलियार में गूंजा हरित पर्यटन का संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व पर्यटन दिवस पर तिलियार टूरिस्ट रिजॉर्ट में पर्यावरण संरक्षण और हरित पर्यटन का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान हरियाणा पर्यटन निगम के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मिलन समारोह भी हुआ, जिसमें पूर्व कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल के अनुभव और पुरानी यादें साझा की।
रिजॉर्ट परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, हरित, सुंदर और पर्यटक-अनुकूल बनाए रखने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच आत्मीय मिलन और सौहार्द का माहौल रहा। तिलियार टूरिस्ट रिजॉर्ट के प्रबंधक संदीप कुमार सहित स्टाफ और हरियाणा पर्यटन निगम के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हरियाणा पर्यटन की ओर से विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटकों के लिए 26 से 28 सितंबर तक भोजन और कमरों के किराये पर 10 प्रतिशत विशेष छूट दी जा रही है। विभाग ने पर्यटकों से इस अवसर का लाभ उठाने और तिलियार सहित प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आह्वान किया।

IANS 

