एमडीयू के प्रो. रामफूल को आईसीएसएसआर से मिली 8 लाख की रिसर्च परियोजना

एमडीयू के प्रो. रामफूल को आईसीएसएसआर से मिली 8 लाख की रिसर्च परियोजना

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. रामफूल ओहलान को भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएसएसआर), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार से राष्ट्रीय स्तर के रिसर्च मेथोडोलॉजी कोर्स के आयोजन की मंजूरी मिली है। इस 10 दिवसीय कार्यक्रम के लिए आईसीएसएसआर ने 8 लाख रुपए की वित्तीय सहायता स्वीकृत की है।

भारत की हरित अर्थव्यवस्था की ओर संक्रमण और सतत विकास: अवधारणाएं, उपकरण एवं नीतिगत अनुप्रयोग विषय पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर के शोधार्थी, युवा शिक्षक और शिक्षाविद भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को हरित विकास, पर्यावरणीय नीतियों, सतत अर्थव्यवस्था और समावेशी विकास से जुड़े आधुनिक शोध दृष्टिकोणों तथा उन्नत शोध तकनीकों से परिचित कराना है।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस उपलब्धि पर प्रो. रामफूल को बधाई देते हुए कहा कि ये विवि की शोध क्षमता और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। इस कोर्स में सामाजिक विज्ञान शोध में डाटा विश्लेषण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शोध उपकरण, अकादमिक लेखन, शोध संप्रेषण, ई-रिसोर्स प्रशिक्षण तथा भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।