एमडीयू कुलपति ने किया कैंपस स्कूल में पर्यावरण महोत्सव का शुभारंभ

एमडीयू कुलपति ने किया कैंपस स्कूल में पर्यावरण महोत्सव का शुभारंभ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू की यूथ रेड क्रॉस इकाई द्वारा विवि कैंपस स्कूल में आयोजित पर्यावरण महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने किया। पेड़ लगाओ-धरा बचाओ, हरियाली- खुशहाली के संदेश के साथ आयोजित इस विशेष अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा कैंपस स्कूल परिसर में त्रिवेणी और औषधीय पौधे लगाकर की गई।

इस समारोह में महंत राजेंद्र दास, चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन डॉ. नवदीप हुड्डा और कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए। सभी अतिथियों ने बढ़ते पर्यावरण संकट को लेकर चिंता व्यक्त की और उपस्थित युवाओं तथा स्कूली बच्चों को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने व उसकी देखभाल करने की शपथ दिलाई। इस दौरान वन मंडल अधिकारी ने वन विभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की और इस अभियान में हर संभव तकनीकी सहयोग देने का भरोसा दिया।

विवि के वानिकी निदेशक प्रो. सुरेंद्र यादव ने मंच संचालन किया। वाईआरसी कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अंजू धीमान के नेतृत्व में स्कूली विद्यार्थियों और वाईआरसी वॉलंटियर्स ने पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

मुख्य अतिथि, कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ, इस धरा को सुंदर बनाओ का संकल्प आज के समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने का एकमात्र रास्ता धरती को हरा-भरा बनाना ही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे लगाए गए पौधों को अपने परिवार के सदस्य की तरह सींचें ताकि आने वाली पीढ़ी को एक शुद्ध और स्वस्थ वातावरण मिल सके। इस दौरान डॉ. सुमित मलिक, विवि अधिकारी, शिक्षक, कर्मी, विद्यार्थी और वाईआरसी वालेंटियर्स मौजूद रहे।