एमडीयू छात्रों ने समझी हेल्थ सेंटर, वेस्ट वाटर प्लांट की कार्यप्रणाली
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज (यूआईपीएचएस) के बीपीएचएस विद्यार्थियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विवि हेल्थ सेंटर और वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण किया। विभागाध्यक्ष प्रो. मुनीष गर्ग के मार्गदर्शन में डॉ. आनंद सिंह डांगी और मेहर सिंह के समन्वयन में आयोजित भ्रमण में विद्यार्थियों ने जन स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को करीब से समझा।
हेल्थ सेंटर में विद्यार्थियों को प्राथमिक एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, दवा भंडारण, मरीजों की देखभाल और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की जानकारी दी गई। इसके बाद वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में उन्होंने अपशिष्ट जल के प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीयक उपचार तथा पुनर्चक्रण प्रक्रिया का अवलोकन किया।
प्रो. मुनीष गर्ग ने कहा कि व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों को जन स्वास्थ्य की वास्तविक चुनौतियों को समझने में मदद करता है।

Girish Saini

