रोहतक के डी-पार्क बाजार में लगी भयावह आग

एनडीआरएफ, पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीमों ने चलाया राहत एवं बचाव कार्य।

रोहतक के डी-पार्क बाजार में लगी भयावह आग

रोहतक, गिरीश सैनी। मंगलवार दोपहर स्थानीय डी-पार्क स्थित एक जूते के शोरूम सहित लगभग एक दर्जन दुकानें भयंकर आग की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इतनी भयानक आग में दुकानें जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण जूतों के शोरूम में एसी कंप्रेसर का फटना बताया जा रहा है, जिसके बाद तेजी से फैली आग आसपास की कपड़े, कॉस्टमेटिक सहित अन्य दुकानों तक पहुंच गई। मंगलवार दोपहर करीब 1.30 बजे लगी इस भीषण आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया गया। आग से निकल रहे धुएं का गुबार सड़क पर काफी दूर से देखा जा सकता था। इस दौरान सडक़ पर काफी लंबा जाम भी लग गया, और ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकाला।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश में जुट गई। बेकाबू आग को देखते हुए रोहतक के अलावा जींद, भिवानी, झज्जर, बहादुरगढ़ और गोहाना से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई। एनडीआरएफ, पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीमों के राहत एवं बचाव कार्य द्वारा कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना मिलने पर रोहतक रेंज के आईजी सिमरनदीप सिंह, उपायुक्त सचिन गुप्ता, एडीसी नरेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, एसडीएम अशीष कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का आवास है। वहीं, मात्र 50 मीटर पर पुलिस चौकी भी मौजूद है। लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित व्यापारियों को सांत्वना दी।

दुकानों व शोरूम में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया और लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित दुकानदारों ने सरकार व जिला प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। खबर लिखे जाने तक किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हो पाई थी।