हवन के साथ पीटीसी सुनारिया में लोअर स्कूल कोर्स का आगाज
नए बैच में 1100 प्रशिक्षु लेंगे प्रशिक्षण।
रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी), सुनारिया में नए सत्र के लोअर स्कूल कोर्स का शुभारंभ हवन यज्ञ के साथ किया गया। पुलिस महानिरीक्षक, पीटीसी अशोक कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में आयोजित हवन में प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सफलता की कामना की गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, पीटीसी ध्यान सिंह, आईपीएस सहित लगभग 1,100 प्रशिक्षणार्थियों तथा महाविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। पीटीसी आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों के परिजन भी हवन में शामिल हुए।
आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति की परम्पराओं के अनुरूप परिसर में सकारात्मक वातावरण का संचार करना और नए प्रशिक्षण बैच के लिए मंगल कामना करना रहा। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षणार्थी आने वाले वर्षों में पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों को संभालेंगे, इसलिए उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ तैयार करना आवश्यक है।
हवन विधि-विधान से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षणार्थियों के सफल प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रशिक्षण के दौरान सकारात्मक ऊर्जा और मनोबल बनाए रखने में सहायक होंगे।

Girish Saini 

