रोजगार मेले का आयोजन 22 अप्रैल को: डीसी सचिन गुप्ता

रोजगार मेले का आयोजन 22 अप्रैल को: डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि स्थानीय मंडल रोजगार कार्यालय द्वारा 22 अप्रैल को प्रातः 10 बजे लघु सचिवालय की तीसरी मंजिल स्थित हॉल नंबर 301 में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना तथा उन्हें निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों से जोड़ना है।

इस रोजगार मेले में 3 से 4 प्रतिष्ठित संस्थापनाएं (नियोक्ता) भाग लेंगी, जो विभिन्न ट्रेड्स एवं शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले में रोहतक एवं आसपास के जिलों के कॉलेजों, विद्यालयों तथा आईटीआई/पॉलिटेक्निक संस्थानों से 12वीं पास, डिप्लोमा धारक, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं अन्य रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। रोजगार मेले में आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिकल, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, तीन वर्षीय डिप्लोमा (मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल), 10+2, ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, केमिस्ट सहित विभिन्न ट्रेड्स की रिक्तियां उपलब्ध हैं।

उपायुक्त ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस रोजगार मेले में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट hrex.gov.in पर अपना पंजीकरण अवश्य करवा लें, ताकि भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उन्हें समय पर मिल सके।