पोक्सो एक्ट के साथ बच्चों को साइबर सुरक्षा व गुड टच-बैड टच की दी जानकारी

पोक्सो एक्ट के साथ बच्चों को साइबर सुरक्षा व गुड टच-बैड टच की दी जानकारी

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गांव पहरावर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पोक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट के प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभाव और साइबर सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति को नजरअंदाज न करें और तुरंत माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से बात करें।

सीजेएम ने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड और अन्य संवेदनशील जानकारी अनजान लोगों से साझा न करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा विषय पर प्रस्तुति दी और विचार साझा किए। पैनल अधिवक्ता दिव्या ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से पोक्सो एक्ट, बच्चों के कानूनी अधिकारों और बाल यौन अपराधों से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।