51 मीटर काले कपड़े के साथ इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन
चरखी दादरी, गिरीश सैनी। इंडिया गठबंधन ने वीरवार को चरखी दादरी में काला दिवस मनाते हुए मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। हाथी पार्क से शुरू हुआ प्रदर्शन आंबेडकर चौक तक पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने 51 मीटर लंबे काले कपड़े के साथ वोट बचाओ—देश बचाओ और संविधान बचाओ—लोकतंत्र बचाओ के नारे लगाए। प्रदर्शन में पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, किसान नेता राजू मान, रणधीर कुंगड़, मनीषा सांगवान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
एआईसीसी जिला ऑब्जर्वर एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने कहा कि वोट प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के आरोपों ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील धानक सहित कांग्रेस और सीपीआई (एम) के नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची और मताधिकार से जुड़े सवालों पर चुनाव आयोग और सरकार को जनता के समक्ष स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Girish Saini

