12.5 साल में स्कूल-अस्पताल नहीं, बीजेपी के पांच सितारा दफ्तर बनेः सांसद दीपेंद्र हुड्डा
बोले, विकास में हरियाणा 15वें नंबर पर, बेरोजगारी-नशे में नंबर वन।
कलानौर/रोहतक, गिरीश सैनी। कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि साढ़े 12 साल के शासन में प्रदेश में स्कूल, विवि और अस्पताल नहीं बने, बल्कि भाजपा के पांच सितारा दफ्तर जरूर खड़े हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विकास के नए प्रोजेक्ट शुरू करने के बजाय कांग्रेस सरकार के समय मंजूर कराए गए कई बड़े प्रोजेक्ट भी हरियाणा से बाहर जाने दिए।
कलानौर में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में हुड्डा ने कहा कि रेल कोच फैक्ट्री, इंटरनेशनल एयरपोर्ट और एम्स परिसर के मंजूरशुदा संस्थानों को दूसरी जगह भेज दिया गया। रोहतक में मेट्रो का काम भी साढ़े 12 साल में एक इंच आगे नहीं बढ़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास हुआ तो भाजपा के बैंक खातों और कैश का हुआ।
सांसद ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति खराब हुई, लेकिन भाजपा की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। उन्होंने भाजपा के खाते में घोषित रूप से करीब 15 हजार करोड़ रुपये होने का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस इतने वर्षों तक सत्ता में रही, लेकिन उसके खाते में इसके मुकाबले बहुत कम राशि है।
प्रदेश की स्थिति पर उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास के मामले में देश में 15वें स्थान पर पहुंच गया, जबकि बेरोजगारी, नशाखोरी और युवाओं के विदेश पलायन में प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में किए वादे पूरे नहीं हो रहे, जबकि दूसरे चुनावी राज्यों में भाजपा बड़े-बड़े वादे कर रही है। उन्होंने सरकार से किसानों को ₹3,100 एमएसपी, बुजुर्गों को ₹6,000 पेंशन, एचकेआरएन कर्मचारियों को पक्का करने, महिलाओं को ₹3,100 और गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट देने के वादे पूरे करने की मांग की।
हुड्डा ने रोहतक में पेयजल, सिंचाई के पानी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग भी की। इससे पहले उन्होंने सांपला के बाबा रामनाथ आश्रम में संत सुत्तेप्रकाश की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की।

Girish Saini 

