प्रेस मान्यता समितियों के पुनर्गठन की मांग, एचयूडब्ल्यूजे ने सरकार को सौंपा ज्ञापन
लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे और जिला स्तर पर समितियों में पत्रकार संगठनों को प्रतिनिधित्व देने की मांग।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एचयूडब्ल्यूजे) ने राज्य एवं जिला स्तर की प्रेस मान्यता समितियों के अविलंब पुनर्गठन की मांग की है। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक को ज्ञापन भेजकर पत्रकारों की लंबित मान्यता प्रक्रिया तेज करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि समितियों का नियमित एवं सक्रिय न होना पत्रकारों के सामने कई व्यावहारिक समस्याएं खड़ी कर रहा है। राज्य मुख्यालय से लेकर जिला व उपमंडल स्तर तक सैकड़ों पत्रकारों के मान्यता आवेदन लंबे समय से लंबित हैं। मान्यता नहीं होने से पात्र पत्रकारों को पत्रकार पेंशन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, रोडवेज बस पास तथा आधिकारिक कार्यक्रमों और विधानसभा सत्र की रिपोर्टिंग जैसी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
एचयूडब्ल्यूजे ने मांग की कि राज्य तथा सभी जिलों की प्रेस मान्यता समितियों का जल्द पुनर्गठन किया जाए और इनमें सक्रिय एवं पंजीकृत पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों को नियमानुसार स्थान दिया जाए। साथ ही लंबित आवेदनों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष बैठक आयोजित करने की मांग की गई है। प्रदेशाध्यक्ष कथूरिया ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और वेब मीडिया के विस्तार को देखते हुए मान्यता प्रक्रिया को वर्तमान मीडिया परिवेश के अनुरूप भी बनाया जाना चाहिए।

Girish Saini 

