छह दशक में हरियाणा ने बदली विकास की तस्वीरः डीसी सतबीर सिंह
हीरक जयंती समारोह में राष्ट्रपति के कुरुक्षेत्र कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर रविवार को जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित किया गया। कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिरकत की।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि गठन के समय अनेक चुनौतियों का सामना करने वाला हरियाणा आज खाद्यान्न उत्पादन, औद्योगिक विकास और प्रति व्यक्ति आय के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। यह उपलब्धि प्रदेशवासियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डीडीपीओ राजपाल चहल ने हरियाणा की विकास यात्रा, कृषि और शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया। समारोह में विद्यार्थियों ने हरियाणवी संस्कृति, परंपराओं और प्रदेश की गौरवगाथा पर आधारित गीत, रागनी व नृत्य प्रस्तुत किए। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

