युग-युगों से हरियाणा चित्र प्रदर्शनी प्रारंभ

युग-युगों से हरियाणा चित्र प्रदर्शनी प्रारंभ

रोहतक, गिरीश सैनी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की सर छोटू राम चेयर तथा इतिहास एवं पुरातत्व विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार से- युग-युगों से हरियाणा विषयक पांच दिवसीय ऐतिहासिक चित्र प्रदर्शनी प्रारंभ हुई।

डॉ. सूरज भान, प्रिंसिपल (सेवानिवृत्त), मोतीलाल नेहरू महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली ने इस चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को इस पांच दिवसीय चित्र प्रदर्शनी को देखने एवं उससे लाभान्वित होने का आह्वान किया। इससे विद्यार्थियों को हरियाणा के इतिहास को जानने-समझने का मौका मिलेगा। यह चित्र प्रदर्शनी 22 मार्च तक विजिटर्स के लिए रहेगी।

यह चित्र प्रदर्शनी हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पचकूला के अंतर्गत इतिहास एवं संस्कृति प्रकोष्ठ, कुरुक्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में प्रदर्शित की जा रही है। ‘युग-युगों से हरियाणा’ विषयक इस ऐतिहासिक प्रदर्शनी में हरियाणा के इतिहास, समाज, संस्कृति एवं अर्थव्यवस्था के विकास को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इतिहास एवं पुरातत्व विभागाध्यक्ष प्रो. जयवीर सिंह धनखड़ ने कहा कि यह प्रदर्शनी शहर के सभी सम्मानित नागरिकों एवं विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई है। प्रदर्शनी के अतिरिक्त इतिहास एवं संस्कृति प्रकोष्ठ, कुरुक्षेत्र की ओर से प्रकाशित पुस्तकों का स्टॉल भी लगाया गया है। इस स्टॉल के इंचार्ज राजबीर ने बताया कि पुस्तकों पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी दी जा रही है। प्रकोष्ठ के प्रदर्शनी इंचार्ज अनिल यादव है। इस मौके पर विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. बीडी यादव एवं डॉ. अमर सिंह के अतिरिक्त डॉ. चंद्रशेखर, डॉ. विकास पवार, डॉ. बीरबल, डॉ. मोनिका, डॉ. स्नेहलता, डॉ. शर्मिला यादव एवं विभाग के विद्यार्थी मौजूद रहे।