हरियाणा सरकार ने 9 सालो में प्रदेश का चौतरफा विकास किया: डा. अरविंद शर्मा 

हरियाणा सरकार ने 9 सालो में प्रदेश का चौतरफा विकास किया: डा. अरविंद शर्मा 

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रोहतक लोकसभा क्षेत्र से सांसद डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा की मनोहर सरकार के 9 सालों का कार्यकाल व्यवस्था परिवर्तन, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास, संवेदनशील व पारदर्शी प्रशासन और अंत्योदय उत्थान का साक्षी रहा है। प्रदेश सरकार ने हरियाणा का चौतरफा विकास किया है। इन 9 सालों में व्यवस्था परिवर्तन से सुशासन और सुशासन से सेवा के संकल्पों के परिणाम को प्रदेशवासी महसूस कर रहे हैं। शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय डॉ मंगल सेन भवन में मनोहर सरकार के 9 साल की उपलब्धियों को साझा करते हुए डा.अरविंद शर्मा ने कहा कि जनहित के कार्यों की बदौलत 2024 में केंद्र व प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय बंसल, प्रदेश मीडिया सह-प्रमुख शमशेर सिंह खरक, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल सहित अन्य मौजूद रहे। 

डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने ऐसी व्यवस्था कायम की है, जिसने भ्रष्टाचार पर प्रहार किया है। भाई-भतीजावाद व क्षेत्रवाद को खत्म कर प्रदेश का एक समान विकास किया है। आज हरियाणा के विकास की दशा व दिशा पूरी तरह बदल गई है। सरकारी सेवाओं व योजनाओं का लाभ घर बैठे मिल रहा है। बिना सिफारिशों के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही है। हरियाणा की भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में सुधार लाने के विजन व पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित होकर सामाजिक न्याय से संपूर्ण विकास की अवधारणा पर चलते हुए प्रदेश में समाज कल्याण के एक नए युग का सूत्रपात किया है। 

डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि पानी के मामले में दक्षिणी हरियाणा के साथ 2014 से पहले पक्षपात किया जा रहा था। हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के बाद पहली बार दक्षिण हरियाणा की माइनरों में 39 साल के बाद सभी टेल तक पानी पहुंचा। हर घर नल से पहुंच रहा है। केंद्र की आयुष्मान और प्रदेश की चिरायु योजना का भी हर गरीब को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को सफलतापूर्वक लागू करके जन्म के समय लिंगानुपात जो वर्ष 2014 में 871 था, वो आज सुधरकर 932 (सितम्बर, 2023) तक पहुंचा है।

डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मोदी और मनोहर सरकार ने अनेक काम किए हैं। महिलाएं सुरक्षित रहें, इसके लिए महिला थाने खोले, अलग से कालेज बनाकर महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। भाजपा के शासनकाल में लड़कियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं, बीएसएफ व सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के विकास की दशा व दिशा पूरी तरह बदल गई है। 

डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि आज प्रदेश के किसान खुशहाल है, उद्योग का पहिया तेजी से घूम रहा है, विश्व स्तर का इन्फ्रास्ट्रक्चर, गरीब से गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है और युवा स्वाभिमानी एवं स्वावलंबी बन रहे हैं।

डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाएं मील का पत्थर साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो वादे किए थे उन्हें पूरा किया। जम्मू कश्मीर से धारा-370 को हटाया। आज जम्मू कश्मीर में पर्यटन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित होने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व दृढ़ इच्छा शक्ति से देश कोविड जैसी महामारी से बाहर निकला। जी-20 की सफलता से भारत की प्रतिष्ठा दुनिया में और बढ़ी है। 

सांसद डॉ अरविंद शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ कांग्रेस के नेता नौकरियों में पर्चियां और खर्ची चलाकर कार्यक्रम को विशेष कोटा देने की बात हरियाणा के होनहार व जागरूक युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर प्रदेश में भाई भतीजाबाद और भ्रष्टाचार का माहौल पैदा करना चाहते हैं। ऐसे स्वार्थी नेताओं के मंसूबे मनोहर लाल की सरकार और हरियाणा की जनता कभी पूरे नहीं होने देगी।